गोल्ड कॉइन सेवा ट्रस्टइंदौर · स्थापना 2019

हमारे वचन

सुगम्यता

इस साइट को सबके उपयोग योग्य बनाने के लिए क्या किया गया है, और क्या अब भी बाक़ी है।

यहाँ यह बाक़ी साइटों से ज़्यादा मायने रखता है

जिन्हें इस साइट की सबसे ज़्यादा ज़रूरत है, वे प्रायः बुज़ुर्ग हैं, अस्वस्थ हैं, या किसी कठिन क्षण में धीमे नेटवर्क पर सस्ते फ़ोन से इसे पढ़ रहे हैं। यहाँ सुगम्यता कोई औपचारिकता नहीं, यही पूरा काम है।

क्या किया गया है

साइट सामान्य सिमैंटिक एचटीएमएल से बनी है — असली शीर्षक, सूचियाँ और लैंडमार्क — ताकि स्क्रीन रीडर इसमें चल सके। जो कुछ क्लिक हो सकता है, वह कीबोर्ड से भी पहुँचा और चलाया जा सकता है, और फ़ोकस दिखाई देता है।

यदि आपके उपकरण में गति कम करने की सेटिंग है, तो इस साइट का हर एनिमेशन बंद हो जाता है — स्क्रॉल होती फ़ोटो दीवार, बग़ल में चलने वाली पट्टी, गिनतियाँ और शीर्षक, सब अपनी अंतिम स्थिति में दिखते हैं।

पाठ ऐसे रंगों पर है जो कंट्रास्ट के लिए चुने गए हैं, और बड़ा करने पर टूटने के बजाय दोबारा सज जाता है। कहीं कोई ध्वनि नहीं चलती। पहले चित्र के पीछे की धीमी गति के अलावा कुछ अपने आप नहीं हिलता, और वह भी गति कम करने पर रुक जाती है।

दोनों भाषाएँ अलग पृष्ठों पर सही भाषा-चिह्नों के साथ प्रकाशित हैं, ताकि स्क्रीन रीडर हिंदी को हिंदी की तरह बोले, देवनागरी को अंग्रेज़ी समझकर न पढ़े।

सजावटी चित्रों का वैकल्पिक पाठ ख़ाली रखा गया है ताकि स्क्रीन रीडर उन्हें छोड़ दे, न कि किसी स्टॉक चित्र का वर्णन ट्रस्ट के काम की तरह पढ़ दे। अख़बारी कतरनों और समाचारपत्र के आवरणों का — जो असली हैं — वर्णन दिया गया है।

क्या अब भी बाक़ी है

अख़बारी कतरनें और समाचारपत्र के अंक छपे हुए हिंदी अख़बारों के चित्र और पीडीएफ़ हैं। इनका पाठ स्क्रीन रीडर नहीं पढ़ सकता। हर एक के साथ लिखित सारांश दिया गया है, जो एक उपाय है, विकल्प नहीं।

इस साइट की जाँच अब तक किसी ऐसे व्यक्ति ने स्क्रीन रीडर से नहीं की है जो रोज़ उसका उपयोग करता हो। अगला ख़र्च इसी पर होना चाहिए।

जो टूटा हो, बताइए

यदि इस साइट पर कुछ आपके लिए काम न करे, तो ट्रस्ट को फ़ोन कीजिए — नंबर संपर्क पृष्ठ पर हैं, और कोई आपसे कुछ भरवाने के बजाय सीधे आपकी मदद करेगा।